
खिजरसराय। भारत की जनगणना 2027 के पहले चरण (मकान सूचीकरण एवं गणना) को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए खिजरसराय प्रखंड में प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों का तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम गुरुवार से शुरू किया गया है। इसके लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।यह प्रशिक्षण प्रखंड मुख्यालय स्थित तीन सभागारों में 16 से 24 अप्रैल तक तीन चरणों में आयोजित किया जाएगा। बीडीओ कुमारी सुमन ने बताया कि प्रशिक्षण में कुल 394 कर्मियों को शामिल किया गया है, जिनमें 338 प्रगणक एवं 56 पर्यवेक्षक शामिल हैं।उन्होंने बताया कि पहले चरण (16 से 18 अप्रैल) में 132 कर्मियों, दूसरे चरण (19 से 21 अप्रैल) में 131 कर्मियों तथा तीसरे चरण (22 से 24 अप्रैल) में 131 कर्मियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा।प्रशिक्षण प्रतिदिन सुबह 9:30 बजे से शाम 5:00 बजे तक आयोजित होगा। यह प्रशिक्षण 6 मास्टर प्रशिक्षकों के द्वारा तीनों चरणों में कराया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न पंचायतों के प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को अलग-अलग दिनों में प्रशिक्षण दिया जाएगा।प्रशासन ने सभी संबंधित कर्मियों को निर्धारित तिथि और समय पर प्रशिक्षण स्थल पर अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने का निर्देश दिया है, ताकि जनगणना कार्य को सफल और त्रुटिरहित बनाया जा सके।जनगणना के आंकड़ों के अनुसार क्षेत्र में 109 राजस्व गांव, 97 बसावट गांव तथा 12 निर्जन गांव शामिल हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनगणना से संबंधित सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और सभी कर्मियों की समय पर उपस्थिति अनिवार्य है। लापरवाही बरतने पर कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।