पटवा टोली की प्रतिभा एशिया के सबसे बड़े मेले में आज दिखाएगी दम
बिहार के ऐतिहासिक व विश्वप्रसिद्ध हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेला के मुख्य कला मंच पर इस बार गया की धरती से एक अनूठी प्रतिभा अपनी चमक बिखेरने जा रही है। मानपुर स्थित पटवा टोली, जिसे इंजीनियरों का गांव और मिनी मैनचेस्टर के नाम से देश-दुनिया में पहचान मिली है, अब संगीत के क्षेत्र में भी एक और बड़ा कदम रखने जा रहा है। इसी क्षेत्र की प्रतिभाशाली बेटी मनीषा कुमारी को सारण जिला प्रशासन ने मेले के मुख्य मंच पर विशेष प्रस्तुति के लिए आमंत्रित किया है।
पटवा टोली के शिव मंदिर के पास रहने वाले मदन प्रसाद की बेटी मनीषा अपनी मधुर आवाज और भजन, निर्गुण व हिंदी गीतों की अनोखी शैली के लिए जानी जाती हैं। इससे पहले भी उन्होंने गया जिला प्रशासन और कला, संस्कृति एवं पर्यटन विभाग द्वारा आयोजित पितृपक्ष मेला के समापन समारोह में अपनी प्रस्तुति से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया था।
रविवार को सोनपुर मेले के भव्य मुख्य मंच पर मनीषा अपने सुरों की छटा बिखेरेंगी। स्थानीय स्तर पर उनकी इस उपलब्धि से पूरे गया और पटवा टोली के लोगों में उत्साह है। वर्षों से वस्त्र उद्योग और कला के लिए चर्चित यह इलाका अब संगीत की दुनिया में भी अपनी पहचान और मजबूत करता दिखाई दे रहा है।
जनमानस में उत्सुकता है कि पटवा टोली की यह होनहार बेटी सोनपुर मेले के विशाल मंच पर कैसा जादू बिखेरती हैं।


