गया: गया पुलिस ने एक गंभीर मामले में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई करते हुए सामूहिक दुष्कर्म की घटना के सभी 5 आरोपियों को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। वरीय पुलिस अधीक्षक कार्यालय द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, पुलिस ने आरोपियों के पास से घटना में इस्तेमाल किए गए 5 मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं।
घटना का विवरण
मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना 1 मई 2026 की है। पीड़िता गया-पटना पैसेंजर ट्रेन से यात्रा कर रही थी, और गलती वश नियमतपुर हॉल्ट से 1 किलोमीटर पहले ट्रेन रुकने पर वह नीचे उतर गई। ट्रेन के चल देने के कारण वह पैदल ही आगे बढ़ रही थी, तभी रास्ते में दो युवकों ने उसे जबरन पकड़ लिया और रेलवे ट्रैक के समीप एक सुनसान जगह पर ले गए। वहां आरोपियों ने अपने अन्य साथियों को बुलाकर पीड़िता के साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया।

सूचना मिलते ही वरीय पुलिस अधिकारियों ने घटना स्थल का जायजा लिया और पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
कांड संख्या: बेलगंज थाना कांड संख्या 260/26 दिनांक 02.05.2026।
विशेष टीम: एसएसपी गया ने इस मामले की गंभीरता को देखते हुए नगर पुलिस अधीक्षक के निर्देशन और पुलिस उपाधीक्षक (विधि-व्यवस्था) के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया था। तकनीकी अनुसंधान और खुफिया जानकारी (इंटेलिजेंस) के आधार पर टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की सूची
पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपियों के नाम और पते निम्नलिखित हैं:
अंकित कुमार: पिता- रामधीर चौधरी, ग्राम- अक्ल बिगहा (बेलगंज थाना)
राहुल कुमार: पिता- विन्देश्वरी मांझी, ग्राम- काली स्थान कोरमा (बेलगंज थाना)
अभिषेक कुमार: पिता- अरुण साव, ग्राम- बेलगंज
अमरेन्द्र कुमार उर्फ मथुरा यादव: पिता- सूरज कुमार, ग्राम- हरिगॉव (बेलगंज थाना)
उपेन्द्र कुमार उर्फ भूटा: पिता- सुरेन्द्र चौधरी, ग्राम- उटा मानपुर, थाना- जहानाबाद नगर (जिला- जहानाबाद)
पुलिस का संदेश
गया पुलिस ने स्पष्ट किया है कि वे महिला सुरक्षा के लिए निरंतर प्रयासरत हैं। पुलिस ने यह भी आश्वासन दिया है कि इस मामले में वैज्ञानिक अनुसंधान को गति देते हुए जल्द ही आरोप पत्र (चार्जेसशीट) समर्पित किया जाएगा और त्वरित विचारण (स्पीडी ट्रायल) कराकर दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाएगी।