पूर्ववर्ती छात्रों के पंजीकरण अभियान में और तेजी लाने का दिया निर्देश
बोधगया। मगध विश्वविद्यालय में आगामी 25 अप्रैल 2026 को आयोजित होने वाले पूर्ववर्ती छात्र सम्मेलन “महासंगम 2026” की तैयारियों को लेकर कुलपति प्रो. शशि प्रताप शाही की अध्यक्षता में मन्नूलाल केंद्रीय पुस्तकालय सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

बैठक की अध्यक्षता करते हुए कुलपति प्रो. शाही ने सभी विभागाध्यक्षों को निर्देश दिया कि पूर्ववर्ती छात्र समागम में अधिक से अधिक पूर्व छात्रों की भागीदारी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग अपने-अपने पूर्व छात्रों से सक्रिय रूप से संपर्क कर अधिकाधिक संख्या में पंजीकरण सुनिश्चित करें, ताकि इस ऐतिहासिक आयोजन को भव्य रूप प्रदान किया जा सके।
इस अवसर पर यह भी जानकारी दी गई कि कार्यक्रम में बिहार के माननीय राज्यपाल सह कुलाधिपति, लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) श्री सैयद अता हसनैन की उपस्थिति को स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है, जिससे कार्यक्रम की गरिमा और बढ़ेगी।

विश्वविद्यालय प्रशासन ने सम्मेलन हेतु गठित विभिन्न समितियों एवं कार्यकर्ताओं के माध्यम से सभी पूर्ववर्ती छात्रों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस ऐतिहासिक महासंगम को सफल बनाएं।
बैठक में कुलसचिव प्रो. विनोद कुमार मंगलम, संयोजक प्रो. निभा सिंह, विज्ञान संकायाध्यक्ष प्रो. सिद्धनाथ प्रसाद यादव, कुलानुशासक प्रो. कृष्णदेव प्रसाद वर्मा, सीसीडीसी प्रो. संजय कुमार तिवारी, आईक्यूएसी अध्यक्ष प्रो. मुकेश कुमार सहित विभिन्न विभागों के अध्यक्ष, सम्मेलन की विभिन्न समितियों के संयोजक एवं सह-संयोजक उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. परम प्रकाश राय द्वारा किया गया।