
गयाजी। गौतम बुद्ध महिला कॉलेज, गया में आयोजित दो दिवसीय सांस्कृतिक उत्सव ‘आरंभ 2026’ के दूसरे दिन छात्राओं ने गीत, संगीत, नृत्य एवं रैंप वॉक की मनमोहक प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में मगध विश्वविद्यालय, बोधगया के कुलसचिव डॉ. विनोद कुमार मंगलम उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथियों के रूप में गया कॉलेज, गया के प्राचार्य डॉ. सतीश सिंह चंद्रा, कॉलेज के पूर्व प्राचार्य डॉ. जावेद असरफ, ए.एम. कॉलेज के प्राचार्य डॉ. नजीर अख्तर, डॉ. मीनाक्षी तथा चर्चित कलाकार हर्ष पटेल उपस्थित रहे। कॉलेज की प्राचार्या डॉ. सीमा पटेल ने सभी अतिथियों का अंगवस्त्र एवं स्मृति चिह्न देकर स्वागत किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ छात्राओं द्वारा स्वागत नृत्य से किया गया। गायन प्रतियोगिता में सानिया ने प्रथम, प्रिया सिंह ने द्वितीय एवं कृतिका ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। नृत्य प्रतियोगिता में खुशी कुमारी प्रथम, नव्या द्वितीय तथा सोनम कुमारी तृतीय स्थान पर रहीं।
सांस्कृतिक उत्सव के अंतर्गत आयोजित रैंप वॉक प्रतियोगिता में छात्राओं ने विशेष उत्साह के साथ भाग लिया। दो राउंड के बाद फाइनल राउंड में प्रिया ने प्रथम स्थान प्राप्त कर ‘मिस जीबीएम’ का खिताब अपने नाम किया, जबकि साक्षी द्वितीय एवं अंजलि तृतीय स्थान पर रहीं।
निर्णायक मंडल में डॉ. मीनाक्षी, डॉ. पूजा राय, डॉ. अनामिका कुमारी, डॉ. कृति सिंह आनंद एवं डॉ. विजेता लाल शामिल थीं। कार्यक्रम के दौरान लोक कलाकार उत्पल कुमार सिंह एवं पूजा कुमारी की प्रस्तुतियों ने माहौल को और भी संगीतमय बना दिया।
कार्यक्रम का संचालन आस्था एवं कृतज्ञ ने किया, जबकि एंकरिंग के दौरान दर्शकों से रोचक प्रश्न भी पूछे गए। ‘आरंभ’ की कोर टीम ने आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
मुख्य अतिथि डॉ. विनोद कुमार मंगलम ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन में माता-पिता और गुरु का सम्मान सर्वोपरि है तथा इसी मार्ग पर चलकर सफलता प्राप्त की जा सकती है। उन्होंने हरिवंश राय बच्चन की प्रसिद्ध पंक्तियों के माध्यम से छात्राओं का उत्साहवर्धन किया।
अंत में डॉ. अपर्णा नाथ ने धन्यवाद ज्ञापन किया। कार्यक्रम का समापन डीजे नाइट एवं लाइव कंसर्ट के साथ हुआ, जिसमें छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
यह आयोजन छात्राओं की प्रतिभा को मंच प्रदान करने के साथ-साथ उनके आत्मविश्वास एवं रचनात्मकता को निखारने में सफल रहा।