बिहार चुनाव 2025: लोजपा (रामविलास) ने जारी की पहली उम्मीदवार सूची, 14 नामों का एलान
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। इसी बीच चिराग पासवान की पार्टी लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) ने अपनी पहली उम्मीदवार सूची जारी कर दी है। पार्टी की इस पहली सूची में कुल 14 उम्मीदवारों के नाम शामिल हैं।
एनडीए में लोजपा (रामविलास) को कुल 29 सीटें मिली हैं। उम्मीदवारों की सूची जारी करते हुए पार्टी की ओर से कहा गया,
“लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह केंद्रीय मंत्री आदरणीय श्री चिराग पासवान जी के मार्गदर्शन एवं निर्देशानुसार घोषित बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के सभी प्रत्याशियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। हमें पूर्ण विश्वास है कि आप सभी ‘बिहार फर्स्ट, बिहारी फर्स्ट’ के सपनों को साकार करने और बिहार के सर्वांगीण विकास में अपनी अहम भागीदारी निभाएंगे। आपके समर्पण और जनता के समर्थन से बिहार विधानसभा चुनाव में डबल इंजन वाली एनडीए सरकार की ऐतिहासिक और प्रचंड जीत निश्चित है।”
गौरतलब है कि एनडीए में सीट बंटवारे को लेकर पिछले दिनों चिराग पासवान की नाराजगी सामने आई थी। वह अपनी पार्टी के लिए 30 सीटों की मांग पर अड़े हुए थे। इसको लेकर पटना से लेकर दिल्ली तक कई दौर की बैठकों के बाद सहमति बनी। अंततः बीजेपी ने अपने हिस्से की 102 सीटों में से 29 सीटें लोजपा (रामविलास) को देकर मामला सुलझाया, जिसके बाद चिराग पासवान ने समझौते पर हामी भरी।

लोजपा (रामविलास) की पहली सूची जारी होने के साथ ही बिहार में एनडीए ने चुनावी तैयारी का बिगुल फूंक दिया है। अब सभी की निगाहें इस पर टिकी हैं कि चिराग पासवान की पार्टी आगे किन सीटों पर अपने प्रत्याशियों की घोषणा करती है।