गया : मानपुर के कृष्णा नगर कॉलोनी में शनिवार, 9 मई 2026 से पांच दिवसीय ‘श्री श्री 1008 श्री शिवपरिवार सह हनुमत प्राण प्रतिष्ठा महायज्ञ’ का विधिवत शुभारंभ हो गया है। महायज्ञ के पहले दिन आयोजित भव्य कलश यात्रा (जलयात्रा) में श्रद्धालुओं का अपार जनसैलाब उमड़ पड़ा।
सीताकुंड से भरा गया पवित्र जल
महायज्ञ की शुरुआत सुबह जलयात्रा के साथ हुई। सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु, विशेषकर महिलाएं और कन्याएं, पीले वस्त्र धारण कर सिर पर कलश लिए पदयात्रा पर निकले। यह यात्रा यज्ञ स्थल कृष्णा नगर कॉलोनी से शुरू होकर गयाजी के प्रसिद्ध सीताकुंड पहुंची, जहाँ फल्गु नदी के पवित्र जल को कलशों में भरा गया। जल भरने के पश्चात, जय श्रीराम और हर-हर महादेव के जयघोष के साथ कलश यात्रा पुनः यज्ञ स्थल पर पहुँची।
पाँच दिनों तक चलेंगे धार्मिक अनुष्ठान
महायज्ञ के कार्यक्रम की रूपरेखा इस प्रकार है:
09 मई (शनिवार): जलयात्रा, पंचांग पूजन एवं मण्डप प्रवेश।


10 मई (रविवार): मण्डप पूजन, वेदी पूजन, अरणी मंथन और कर्मकुटी संस्कार।
11 मई (सोमवार): वेदी पूजन एवं अन्नादिवास।
12 मई (मंगलवार): वेदी पूजन, महास्नान, नगर भ्रमण और शय्यादिवास।
13 मई (बुधवार): वेदी पूजन, महान्यास प्राण प्रतिष्ठा, पूर्णाहुति, कन्या पूजन एवं ब्राह्मण विदाई।
प्रख्यात विद्वानों द्वारा कथा और यज्ञ संचालन
महायज्ञ का संचालन काशी (वाराणसी) से आए यज्ञआचार्य पंडित अभिषेक शास्त्री के नेतृत्व में किया जा रहा है। वहीं, श्रद्धालुओं को भक्ति रस में सराबोर करने के लिए कथा वाचिका देवी माया सरस्वती द्वारा प्रतिदिन कथा का वाचन किया जाएगा।